भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन (शनिवार) को भारत की तरफ से बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल ने शतक लगाया। शतक लगाने के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया, ताकि दूसरे बल्लेबाजों को मौका दिया जा सके।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे देवदत्त पड्डिकल ने वनडे फॉर्मेट के मुताबिक बल्लेबाजी की। पड्डिकल ने 121 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रन की पारी खेली। इस शानदार पारी के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया। भारतीय टीम मैनेजमेंट इस वॉर्म-अप मैच में दूसरे बल्लेबाजों को मौका देना चाहता है, इसलिए पड्डिकल को उनकी शानदार पारी के बाद वापस बुला लिया गया।
भारतीय पारी की शुरुआत करने के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आए थे। जायसवाल अपना खाता नहीं खोल सके। उन्हें पारी की दूसरी ही गेंद पर विश्वा फर्नांडो ने आउट कर दिया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी नहीं चले और 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ध्रुव जुरेल भी 1 रन बनाकर आउट हो गए।