BCCI Awards: भारत के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को 'कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया जा सकता है, जबकि टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) को 15 मार्च को देश की राजधानी में होने वाले बीसीसीआई अवॉर्ड्स में 'मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना जा सकता है।
'आईएएनएस' ने पहले बताया था कि 'नमन' नामक सालाना अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान हाल ही में मेंस टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम, मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विजेता टीम, विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 विजेता टीम और दोनों जेंडर में अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों को बीसीसीआई सम्मानित किया जाएगा।
राहुल द्रविड़ ने बतौर हेड कोच भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब दिलाया था, जिन्हें भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं, गिल भले ही हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद 'बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर- मेन' के लिए 'पॉली उमरीगर अवॉर्ड' जीतने की लाइन में हैं।