एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में चौथे दिन साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई। साउथ जोन पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन से 372 रन से पिछड़ गई है।
साउथ जोन ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन से की। टीम की सबसे बड़ी उम्मीद कप्तान तिलक वर्मा थे। वर्मा 56 के स्कोर पर नाबाद थे। उनके साथ चामा मिलिंद 2 रन पर नाबाद थे। दोनों ने साउथ जोन की पारी आगे बढ़ाई। सातवें विकेट के लिए दोनों ने 78 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 318 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर मिलिंद 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पारी लंबी नहीं चली। कप्तान तिलक वर्मा अपना शतक चूक गए। वह आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। तिलक 1 रन से अपना शतक चूक गए। वह 211 गेंदों पर 99 रन बनाकर आउट हुए। साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई।
ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार ने 3, जबकि मोहम्मद शमी, कुनैन कुरैशी और शिखर मोहन ने 2-2 विकेट लिए।