England Second ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच खेला जाना है। भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि लॉर्ड्स में खेले जाने वाले इस निर्णायक मैच में इंग्लैंड को भारत पर थोड़ी बढ़त हासिल है। मेजबान टीम को घरेलू हालात का फायदा मिलेगा, जबकि भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती सही टीम तालमेल बिठाना रही है।
भारत ने एजबेस्टन में सीरीज का पहला मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया था, लेकिन कार्डिफ में खेले गए अगले मैच को इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बरारबरी हासिल कर ली थी।
'आईएएनएस' से बात करते हुए विश्व विजेता कप्तान ने सीरीज के निर्णायक मैच को बराबरी का मुकाबला बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि इस समय दोनों टीमें 50-50 की स्थिति में हैं। चूंकि, इंग्लैंड अपने घरेलू मैदान पर खेल रहा है, इसलिए आप कह सकते हैं कि उनके पास थोड़ी बढ़त है, शायद 51 प्रतिशत।"