Sri Lanka: भारतीय टीम गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में जीत की दहलीज पर है। मुकाबले के चौथे दिन जीत के लिए 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दिन की समाप्ति तक दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी है। यहां से भारत को जीत के लिए 6 विकेट की दरकार है, जबकि श्रीलंकाई टीम जीत से 288 रन दूर है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 462 रन बनाए। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी हुई। केएल राहुल 11 बाउंड्री के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पड्डिकल ने 16 बाउंड्री के साथ 167 रन की पारी खेली। इनके अलावा, ध्रुव जुरेल 51 रन बनाकर आउट हुए। मेजबान टीम से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि केशरा नुवानथा ने 3 विकेट निकाले। असिथा फर्नांडों को 2 विकेट हाथ लगे।
इसके बाद, श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमट गई, जिसके साथ टीम इंडिया ने पहली पारी के आधार पर शानदार लीड बना ली। इस पारी में सोनल दिनुशा ने निरोशन डिकवेला के साथ 146 रन जोड़कर टीम को 284 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। सोनल 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।