भारतीय टीम को 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। हर्षित राणा अपनी इंजरी से न उबर पाने के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं।
हर्षित राणा की जगह पर भारतीय टीम में यश ठाकुर को अफगानिस्तान टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए चुना गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बात की जानकारी दी है। बीसीसीआई ने बताया, "पुरुष चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की टीम में हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को शामिल किया है।"
हर्षित को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें पहले फिटनेस टेस्ट से गुजरना था। भारतीय बोर्ड ने बताया कि हर्षित को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उनकी फिटनेस के आधार पर टीम में चुना गया था। हालांकि 7 सितंबर को गेंदबाजी के दौरान उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है।