टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बताया है कि कैसे उनके पिता विश्वनाथन ने उनकी क्रिकेट के लिए अचानक परिवार को दिल्ली से केरल शिफ्ट करने का फैसला लिया था। सैमसन ने कहा कि उनके पिता का फैसला उनके करियर के लिए अहम मोड़ साबित हुआ।
सैमसन ने शनिवार को जियोस्टार के शो 'सुपरस्टार्स' में कहा, "स्कूल के दिनों में, मैं दोस्तों को डीडीसीए जैकेट पहने और दिल्ली की राज्य क्रिकेट टीम के लिए खेलने की बात करते देखता था। इससे मुझे प्रेरणा मिली। मैं भी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करना चाहता था। मैं ट्रायल के लिए गया, स्टेट कैंप में गया और रन बनाए।"
उन्होंने कहा, "दो-तीन बार मैं कैंप तक पहुंचा लेकिन स्टेट टीम में कभी जगह नहीं बना पाया। प्रतियोगिता बहुत मुश्किल थी। एक दिन ट्रायल खत्म होने के बाद टीम की सूची जारी हुई। मेरा नाम उसमें नहीं था। हम चुपचाप घर लौट आए। जैसे ही हम घर पहुंचे, मेरे पापा ने मेरी मां से कहा, 'हमें केरल जाना होगा। हम शिफ्ट हो रहे हैं।' मेरी मां ने कहा, 'बच्चे अभी सिर्फ छठी क्लास में हैं। उन्हें दसवीं पूरी करने दो।'"