विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ 47 गेंदों में 12 बाउंड्री के साथ 74 रन की पारी खेलने वालीं स्मृति मंधाना को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। जीत के बाद स्मृति मंधाना ने साथी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को सराहा है, जिनके साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की।
बुधवार को खेले गए इस मैच में भारत ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (55) के बीच 115 रन की साझेदारी के दम पर 209/5 का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में नीदरलैंड 17.3 ओवरों में महज 114 रन पर सिमट गई। भारत ने मैच 95 रन से अपने नाम किया, जो विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से उसकी सबसे बड़ी जीत है।
मैच के बाद मंधाना ने कहा, "मुझे लगता है कि यह निश्चित रूप से बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच थी। जब भी हम लीड्स आए हैं, मैंने यहां 'हंड्रेड' में कुछ मैच खेले हैं, तो यहां हमेशा बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच और तेज आउटफील्ड रही है। फिर भी, नीदरलैंड्स ने आज वाकई बहुत अच्छा खेल दिखाया।"