बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में पहली बार चुना गया है। दुबे ने इसे अपने सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की तरफ से आया पहला बुलावा भारत के लिए खेलने के सपने को पूरा करने की दिशा में एक कदम की तरह है।
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का हिस्सा रहे हर्ष दुबे सीजन में अपनी टीम का सफर समाप्त होने के बाद नागपुर पहुंचने पर आईएएनएस खास बातचीत में कहा कि देश का हर क्रिकेटर भारतीय टीम के लिए खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने का सपना देखता है।
भारतीय टीम के लिए चुने जाने के समय वे कैसा महसूस कर रहे थे? इस सवाल में दुबे ने कहा, "पहले पांच मिनट तक तो मुझे समझ ही नहीं आया कि मेरा नाम चुन लिया गया है। मुझे लगा कि मैं अभी भी सपना देख रहा हूं। इस बात को पूरी तरह से समझने में मुझे थोड़ा समय लगा।"