New Delhi: अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान की चाहत है कि उनके टीम में रहते हुए अफगानिस्तान एक बार विश्व कप का खिताब जीते। राशिद ने बेटे अजलान को अपने लिए भाग्यशाली बताया है।
राशिद ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "जहां तक 10 साल बाद की लेगेसी की बात है, मुझे लगता है कि यह अफगानिस्तान के लिए अच्छी सर्विस देने और अफगानिस्तान के लिए मुझे कितने मैच जीतने को मिलते हैं, इस बारे में है। हालांकि, सबसे जरूरी बात यह है कि मैं चाहता हूं कि जब तक मैं टीम में रहूं, अफगानिस्तान एक वर्ल्ड कप जीत जाए। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। मुझे उम्मीद है कि रिटायर होने से पहले, मेरे पास यह रिकॉर्ड होगा कि हां, हमने चैंपियनशिप या वर्ल्ड कप जीता, चाहे वह टी20 हो या वनडे।
राशिद ने अपने बेटे अजलान को अपना 'लकी चार्म' बताया। उन्होंने कहा, "उसके (अजलान) पैदा होने से पहले, मेरा दिमाग जल्दी फ्रेश नहीं होता था। मगर अब जब मैं उसका चेहरा देखता हूं या उसे वीडियो-कॉल करता हूं, तो मेरा पूरा शरीर रिलैक्स हो जाता है। वह मेरे लिए एक लकी चार्म भी है। जब वह इंग्लैंड में पहले मैच के लिए ग्राउंड पर आया, मैंने पांच विकेट लिए। फिर, 3 मैचों में वह आयरलैंड आया, और मैंने 12 विकेट लिए।"