बुधवार को जारी आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर वनडे में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को भी टी20 रैंकिंग में जबरदस्त फायदा पहुंचा है।
हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 3-0 की जीत के बाद वैभव ने ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 230 पायदान की छलांग लगाई है। 15 वर्षीय वैभव टॉप 50 रैंकिंग में शामिल हो गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मुकाबलों में वैभव ने 50.33 की औसत से खेलते हुए 151 रन बनाए थे और उन्हे 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। वैभव 536 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
ईशान किशन क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। ईशान के 910 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। तिलक वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है और वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर सात स्थान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए हैं। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी बड़ा फायदा हुआ है। जिम्बाब्वे सीरीज में 3 विकेट लेने के साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वें नंबर पर आ गए हैं।