आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ होगी। भारत के पूर्व दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले का मानना है कि अगर दूसरे क्वालीफायर में वैभव सूर्यवंशी पावरप्ले तक टिक गए, तो इसका आरआर को बहुत फायदा मिलेगा।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कुंबले को लगता है कि राजस्थान रॉयल्स अभी भी दूसरे क्वालीफायर में अंडरडॉग के तौर पर मुकाबले में उतरेगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर वैभव एक और दमदार पारी खेलने में सफल रहे, तो आरआर जीटी पर भारी पड़ सकती है।
कुंबले ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। यह सच में मुश्किल है, क्योंकि राजस्थान ने अच्छा किया है, फिर भी वे अभी भी अंडरडॉग लगते हैं। मुझे लगता है कि मैं आरआर के साथ जाऊंगा। मुझे अभी भी उम्मीद है कि वैभव वैसा ही प्रदर्शन करेंगे, जैसा उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में किया। वैभव अगर अपने प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे, तो इसका फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा।"