भारत बनाम अफगानिस्तान: वनडे फॉर्मेट में 8वीं बार 400 रन, संयुक्त रूप से नंबर-1 बनी टीम इंडिया (Image Source: IANS)
भारत वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार '400 रन' बनाने वाले देशों की सूची में संयुक्त रूप से 'नबंर-1' बन गया है। टीम इंडिया ने बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 402 रन बनाए।
इसी के साथ टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली है। इस टीम ने भी अब तक वनडे क्रिकेट में 8 बार यह आंकड़ा छुआ है। इंग्लैंड की टीम 7 बार ऐसा कर चुकी है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 3 बार 400 रन बनाए हैं।
पुरुष वनडे क्रिकेट के शीर्ष 3 स्कोर इंग्लैंड के ही नाम पर हैं। इंग्लैंड ने 17 जून 2022 को नीदरलैंड के खिलाफ 4 विकेट खोकर 498 रन बनाए थे, जबकि 19 जून 2018 को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 481/6 का स्कोर खड़ा किया। 30 अगस्त 2016 को इस टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट खोकर 444 रन बनाए थे।