India vs Zimbabwe T20 Match: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, जिम्बाब्वे को पहली जीत की तलाश होगी।
भारतीय टीम के लिए पहले टी20 मुकाबले में सब कुछ सही घटा था। टीम के तेज गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सिर्फ 125 रनों पर रोका था। अपनी रफ्तार के दम पर मयंक यादव विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को शांत रखने में सफल रहे थे और उन्होंने 18 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए थे। वहीं, प्रिंस यादव भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले थे। अशोक शर्मा भी छाप छोड़ने में कामयाब रहे थे।
स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई की घूमती गेंदें जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई थी। वहीं, बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए महज 19 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 28 रन बनाकर नाबाद रहे थे और टीम को जीत दिलाकर लौटे थे।