आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने नाम किया हो, लेकिन इस सीजन को वैभव सूर्यवंशी के दमदार प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा। 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया। वह ऑरेंज कैप को जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही हर कोई वैभव सूर्यवंशी के इस सीजन के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था। हालांकि, वैभव ने अपनी तूफानी और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से यह साबित करके दिखाया कि पिछले साल का प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं था, बल्कि इस स्टेज पर छा जाने की काबिलियत उनके अंदर मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। वैभव ने इस सीजन एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए।
आईपीएल 2026 में वैभव की बल्लेबाजी में परिपक्वता नजर आई। उन्होंने इस सीजन सूझबूझ से बल्लेबाजी की और हर गेंद को सिर्फ बाउंड्री के पार पहुंचाने की होड़ में नहीं रहे। उन्होंने मुश्किल हालातों में राजस्थान रॉयल्स की लड़खड़ाती हुई पारी को भी कई बार संभाला, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में देखने को मिला। वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में 47 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली।