आईपीएल 2026 का 49वां मुकाबला बुधवार शाम 7:30 बजे से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच खेला जाएगा। इस मैच के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। पंजाब किंग्स अपना पहला स्थान बरकरार रखने के लिए, तो एसआरएच पंजाब को पीछे छोड़ पहला स्थान हासिल करने के लिए जोर लगाएगी।
एसआरएच ने सीजन में मैच-दर-मैच अपने प्रदर्शन में सुधार किया है। टीम बेहद संतुलित है। कप्तान पैट कमिंस के आने और ट्रेविस हेड की फॉर्म में वापसी ने एसआरएच की ताकत को और बढ़ा दिया है। अभिषेक, ईशान और हेनरिक क्लासेन पहले से ही अच्छी फॉर्म में हैं। एसआरएच 10 मैचों में 6 जीत के साथ 12 अंक लेकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। हैदराबाद को अपने पिछले मुकाबले में केकेआर के खिलाफ हार मिली थी। ऐसे में अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ एसआरएच निश्चित रूप से जीत दर्ज करना चाहेगी। अगर एसआरएच जीत दर्ज करती है, तो उसके 14 अंक हो जाएंगे और वह अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। टीम की प्लेइंग में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पंजाब किंग्स की बात करें तो सीजन के शुरुआती 7 मैचों तक टीम अपराजेय थी। 6 जीत और 1 रद्द मैच से मिले 1 अंक के साथ कुल 13 अंक लेकर पंजाब काफी समय से अंकतालिका में पहले स्थान पर है। पिछले 2 मैचों में पंजाब के गेंदबाजों और बल्लेबाजों को प्रदर्शन में गिरावट आई है। इसका परिणाम पंजाब को लगातार मैचों में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ हार के रूप में उठाना पड़ा है। दो हार के बाद भी पंजाब पहले स्थान पर है, लेकिन एसआरएच के खिलाफ हार पंजाब को दूसरे स्थान पर धकेल देगी। एसआरएच 1 अंक अधिक लेकर 14 अंक के साथ पहले स्थान पर चली जाएगी।