इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह तीनों ही दिग्गज खिलाड़ी इस सम्मान के पूरी तरह से हकदार थे।
आईसीसी ने शनिवार (11 जुलाई) को प्रतिष्ठित आईसीसी हॉल ऑफ फेम में तीन नए सदस्यों को शामिल किया। गांगुली, अंजुम और पीटरसन को उनकी उपलब्धियों, बेहतरीन खेल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास को आकार देने वाले उनके लंबे समय तक चले प्रभाव के लिए इसमें जगह दी गई।
जय शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मुझे आईसीसी हॉल ऑफ फेम में नए सदस्यों का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। यह उन असाधारण लोगों के लिए सम्मान है जिनकी उपलब्धियों ने हमारे खेल में बड़ा योगदान दिया है। सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन सभी ने गर्व के साथ अपनी राष्ट्रीय टीमों का नेतृत्व किया है, और मैं आईसीसी की ओर से उन्हें इस पूरी तरह से हकदार सम्मान के लिए बधाई देना चाहता हूं।"