हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स 'द हंड्रेड' के शेष मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। जेमिमा के आगामी विमेंस टी20 एशिया कप 2026 में खेलने पर भी गंभीर संदेह पैदा हो गया है।
जेमिमा ने 'सदर्न ब्रेव' की तरफ से खेलते हुए, 100-बॉल वाले इस टूर्नामेंट की छह पारियों में 35.75 की औसत के साथ 143 रन बनाए थे, लेकिन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ना पड़ा। फ्रेंचाइजी ने टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों के लिए जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है।
फ्रेंचाइजी ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, "हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रोड्रिग्स को लगी चोट के कारण, हमने 'द हंड्रेड' के शेष मुकाबलों के लिए चार्ली नॉट को उनके स्थान पर टीम में शामिल किया है। जेमी, हम आपके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।"