भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट मैच खेलेगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इसे महिला क्रिकेट के लिए इसे 'बहुत बड़ा पल' बताया है। कप्तान ने कहा कि लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच के लिए मैदान पर उतरना उनके बचपन के सपने के सच होने जैसा होगा। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेला जाने वाला पहला महिला टेस्ट मैच भी होगा।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरमनप्रीत कौर ने कहा, "यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा पल है। एक कप्तान और एक खिलाड़ी के तौर पर, मैं इस मौके का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। बचपन में हम हमेशा टेस्ट मैच खेलने का सपना देखते थे। लॉर्ड्स में खेलना हमारे सपनों में से एक था। मुझे बहुत खुशी है कि हमें यह मौका मिला है। दूसरी लड़कियां भी बहुत उत्साहित हैं। एक टीम के तौर पर हम इस मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
इस मैच के ऐतिहासिक महत्व पर बात करते हुए, हरमनप्रीत ने भारतीय टीम के अंदर इस बारे में हुई चर्चाओं को लेकर कहा, "हां, हम चर्चा कर रहे थे कि इतने वर्षों बाद यह मैच होने जा रहा है। हमें यह महसूस करने में इतने साल लग गए कि महिलाएं भी लॉर्ड्स टेस्ट मैचों का हिस्सा बन सकती हैं। यह एक शानदार मौका है। शायद इसमें देर हो गई है, लेकिन बहुत ज्यादा देर नहीं हुई है। फिर भी, मैं खेल रही हूं और इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बनने का मौका पा रही हूं। मैं सच में इसका बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।"