ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड 'हैमस्ट्रिंग टेंडन इंजरी' (मांसपेशियों की चोट) के कारण विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल 12) के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं। यह मेलबर्न स्टार्स के लिए एक बड़ा झटका है, जो प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली होती उम्मीदों को फिर से जगाने की कोशिश कर रहे हैं।
सदरलैंड का बाहर होना मेलबर्न स्टार्स के लिए एक मुश्किल समय में हुआ है, क्योंकि टीम अपने पिछले पांच मैचों में कोई जीत हासिल नहीं कर पाई है। मेग लेनिंग की कप्तानी वाली इस टीम के लिए टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उनकी सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक का न होना एक बड़ा नुकसान है। इससे छह सीजन में दूसरी बार नॉकआउट चरण में पहुंचने की उनकी कोशिशों को एक और झटका लगा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम की फिजियोथेरेपिस्ट केट मूर ने पुष्टि की है कि इस चोट के कारण सदरलैंड को कुछ समय के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहना होगा। इसके साथ ही श्रीलंका के आगामी दौरे पर उनके खेलने को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। मेलबर्न स्टार्स के एक बयान में मूर ने कहा, "एनाबेल हैमस्ट्रिंग टेंडन की चोट के कारण डब्ल्यूबीबीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं। टूर्नामेंट खेलते हुए यह चोट ठीक नहीं हो सकती, इसलिए उन्हें कुछ समय तक आराम की जरूरत है। दिसंबर में श्रीलंका के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर उनके खेलने को लेकर अभी पुष्टि होनी बाकी है।"