दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर से शुरू हो रही 5 वनडे मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। प्रसिद्ध को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे के दौरान चोट लगी थी और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर ही निर्भर था।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को बताया कि कृष्णा न्यूजीलैंड ए के खिलाफ आखिरी चार दिवसीय मैच के लिए इंडिया 'ए' टीम में शामिल होंगे। हालांकि, उनका खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर होगा।
बोर्ड ने अपने बयान में कहा, "दाएं हाथ के पेसर, जो हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं, उन्हें मैचों के लिए तैयार होने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता होगी। प्रसिद्ध न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे और आखिरी चार-दिन के मैच के लिए इंडिया ए टीम में शामिल होंगे। बशर्ते, वह रिटर्न टू प्ले (आरटीपी) जांच पास कर लें। इससे उन्हें मैच अभ्यास करने और दो-टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी का मौका मिलेगा।"