भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने रणजी ट्रॉफी में ग्रुप बी के शुरुआती मैच में हैदराबाद को त्रिपुरा पर बड़ी जीत दिलाई। वहीं, उत्तर प्रदेश और मुंबई ने भी अपने-अपने मैचों में तीन दिन के अंदर बड़ी जीत हासिल की।
सिराज को शुरुआती दो मैचों के लिए हैदराबाद का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड पर टीम को एक पारी और 40 रन से शानदार जीत दिलाने में मदद की। सिराज ने दूसरी पारी में दो विकेट लिए, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर तनाय त्यागराजन ने छह विकेट लेकर त्रिपुरा की टीम को 120 रन पर समेट दिया। रूथिक यादव मेंडे और अभिराथ रेड्डी ने भी एक-एक विकेट लिया।
गेंदबाजी में तनाय मैच के स्टार रहे। उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट लिए, जिसमें पहली पारी के तीन विकेट भी शामिल थे। उनके साथी बाएं हाथ के स्पिनर अनिकेत रेड्डी ने पहली पारी में पांच विकेट लिए, जिससे त्रिपुरा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में हैदराबाद के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम को टॉप ऑर्डर और फिर निचले मध्यक्रम से अहम योगदान मिला।