New Delhi: अफगान टीम भारत के खिलाफ टी20 सीरीज गंवा चुकी है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 17 सितंबर को अरुण जेटली में खेला जाएगा, जिससे पहले अफगानिस्तान के मुख्य लेग-स्पिनर राशिद खान ने माना है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबलों मे हालात को ठीक से नहीं समझ सकी। टीम को धीमे पावरप्ले और खराब शॉट सिलेक्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मुजीब उर रहमान 'एआई' से अभिषेक शर्मा को आउट करने का तरीका पूछना चाहते हैं।
मंगलवार को खेले गए मैच में अफगानिस्तान की टीम 159/8 का स्कोर ही बना सकी। ऐसी पिच पर, जहां अक्सर बड़े स्कोर बनते हैं, यह स्कोर काफी नहीं लग रहा था और भारत ने आसानी से 14.5 ओवर में जीत दर्ज कर ली। अब अफगान टीम के पास तीसरे मैच को जीतकर अपनी साख बचाने का मौका है।
राशिद ने बुधवार को रेड बुल की तरफ से आयोजित एक खास बातचीत में 'आईएएनएस' से कहा, "हमने हालात को ठीक से नहीं समझा। मुझे लगता है कि जैसा होना चाहिए था, वैसा नहीं हुआ। हमने दिल्ली में काफी मैच खेले हैं और अगर आप मुकाबला जीतना चाहते हैं, तो आपको 200-210-220 रन बनाने होंगे। इसलिए, मेरे हिसाब से हमारी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और हमने पावरप्ले का सही इस्तेमाल नहीं किया। हमारे शॉट सिलेक्शन का स्तर अच्छा नहीं था। इसलिए, हम इसमें सुधार कर सकते हैं। यह हमारे लिए एक अच्छा सबक है और अगली बार हम बेहतर सोच और बेहतर शॉट सिलेक्शन के साथ खेलेंगे।"