राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 सीजन से पहले टीम के कई हिस्सों को मजबूत करने पर काम किया है, जिसमें बल्लेबाजी में गहराई और स्पिन गेंदबाजी विभाग में ज्यादा विकल्प तलाशना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रियान को कप्तान बनाने का फैसला उनकी क्षमता को देखकर लिया गया है।
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें सीजन में सिर्फ 4 मैच ही जीत सकी थी, जबकि 10 मुकाबलों में राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान ने 9वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले अपने सभी स्पिनरों को रिलीज करने के बाद राजस्थान को रवि बिश्नोई के रूप में एक भरोसेमंद भारतीय स्पिनर मिला है। इसके साथ ही ट्रेड डील के जरिए ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन भी टीम में शामिल हुए हैं।
कुमार संगाकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'आईएएनएस' से कहा, "हमें अपनी स्किल्स को थोड़ा और बेहतर करने की जरूरत थी, जिसमें बल्लेबाजी में गहराई, स्पिन गेंदबाजी, ऑलराउंडर और गेंदबाजी विभाग में ज्यादा विकल्प शामिल हैं। इन सभी विभागों पर हमने काम करने की कोशिश की है। ट्रेड और नीलामी में कुछ खिलाड़ियों को खरीदने से हम स्पिन विभाग को मजबूत करने में कामयाब रहे। भारतीय स्पिनर्स को टीम में शामिल करने के बाद अब हम विदेशी बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के रूप में अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर सकेंगे। हमने उन कई चीजों पर काम किया है जिन पर हम काम करना चाहते थे।