Sakib Hussain: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने छोटे शहरों के खिलाड़ियों के बड़े सपनों में रंग भरने और उन्हें अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत रातों-रात क्रिकेट की दुनिया में छा जाने का अवसर दिया है। सीजन (आईपीएल 2026) का 21वां मैच सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच हैदराबाद में खेला गया। इस मैच में एक नए सितारे ने करिश्माई दस्तक दी और अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से एसआरएच को आरआर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बड़ी जीत दिलायी, नाम है साकिब हुसैन।
आरआर के खिलाफ मैच साकिब हुसैन के आईपीएल करियर का पहला मैच था। हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाजों के निष्प्रभावी रहने के बाद एसआरएच मैनेजमेंट ने 21 साल के साकिब पर भरोसा जताया और दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अपनी टीम के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरा।
साकिब ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। इसमें विस्फोटक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ ही जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवि बिश्नोई का विकेट शामिल है। साकिब ने अपनी किफायती, घातक और सफल गेंदबाजी से न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलायी बल्कि क्रिकेट की दुनिया के विश्लेषकों और फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा है।