भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और उपयोगी ऑलराउंडर में शुमार शार्दुल ठाकुर अपनी गेंदबाजी में विविधता और अहम मौकों पर विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके शार्दुल का आईपीएल में भी प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।
16 अक्टूबर 1991 को पालघर (महाराष्ट्र) में जन्मे शार्दुल को ट्रेनिंग के लिए रोजाना मुंबई आना पड़ता था। वह सुबह 4 बजे की लोकल ट्रेन पकड़ने के लिए देर रात करीब 3 बजे ही उठ जाते थे। कोच दिनेश लाड ने शार्दुल की काबिलियत को पहचान लिया था, उन्होंने शार्दुल को बोरीवली स्थित अपने घर पर रहने की सलाह दी। इसके बाद शार्दुल के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए उनका परिवार पालघर से बोईसर शिफ्ट हो गया।
शार्दुल स्कूली दिनों में एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने का कारनामा कर चुके हैं। शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 2012-13 सत्र में मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू का मौका मिला।