Rajasthan Royals: शेन वॉर्न, क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा नाम, जिनका अपना एक इतिहास है। वॉर्न के पास अपनी घूमती गेंदों पर दुनियाभर के बल्लेबाजों को नचाने का हुनर था। टेस्ट क्रिकेट में वॉर्न 700 विकेट के जादुई आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले गेंदबाज रहे। 4 जून 1993 को मैनचेस्टर के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्न के हाथ से वो मैजिकल गेंद निकली, जो हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। हालांकि, क्रिकेट मैदान के साथ-साथ वॉर्न बाहरी दुनिया में भी खूब सुर्खियों में रहे। वॉर्न का हमेशा ही विवादों से नाता रहा।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत हुई थी। ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से भिड़ना था। हालांकि, इस मुकाबले से चंद घंटों पहले एक खबर आई, जिसने वर्ल्ड क्रिकेट को हिला दिया। ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव पाया गया और उन्हें विश्व कप छोड़कर तुरंत घर लौटने को कह दिया गया। वॉर्न का यह आखिरी एकदिवसीय विश्व कप था और इस बात का वह पहले ही ऐलान कर चुके थे। वॉर्न ने इस बात को खुद कबूला था। वॉर्न ने बताया था कि उनकी मां ने उन्हें वजन घटाने की दवाई दी थी, जिसका वह सेवन कर रहे थे।
शेन वॉर्न ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी तो रहे, लेकिन कभी कप्तान नहीं बन पाए। वॉर्न एक समय पर ऑस्ट्रेलिया टीम के उपकप्तान थे और उन्हें कप्तानी सौंपे जाने पर विचार भी किया जा रहा था। हालांकि, वॉर्न ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके बाद कप्तानी तो छोड़िए उपकप्तानी भी उनसे छीन ली गई। दरअसल, वॉर्न ने इंग्लैंड की एक नर्स को अश्लील संदेश भेजे थे और इस बात का खुलासा होने के बाद वॉर्न को उपकप्तान के पद से हटा दिया गया था।