इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अपना पहला प्रतिस्पर्धी मैच खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने वन-डे कप में डरहम की ओर से खेलते हुए डर्बीशायर के खिलाफ नाबाद 108 रन बनाए और टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई।
खास बात यह रही कि पूरी पारी के दौरान स्टोक्स मांसपेशियों में ऐंठन (क्रैम्प्स) से परेशान रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को जीत तक पहुंचाया। डर्बीशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 256 रन बनाए। टीम की ओर से मार्टिन एंडरसन ने बेहतरीन शतक लगाया और अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में डरहम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, और टीम ने अपने दो विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद बेन स्टोक्स ने मोर्चा संभाला।
स्टोक्स ने पहले डरहम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला और फिर धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। उन्हें विल रोड्स (45), कॉलिन एकरमैन और ओली रॉबिन्सन का अच्छा साथ मिला। हालांकि, बल्लेबाजी के दौरान उन्हें कई बार क्रैम्प्स की परेशानी हुई। 50 रन पूरे करने के बाद तो वे दर्द के कारण मैदान पर गिर भी पड़े। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अंत तक बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। स्टोक्स ने अपनी इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी नाबाद शतकीय पारी की बदौलत डरहम की टीम 257 रनों के लक्ष्य को 49.1 ओवर में हासिल करने में सफल रही।