T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड की शुरुआत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। यह मुकाबला शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज में खेले 4 मैचों में तीन जीत और एक हार के साथ सुपर-8 में पहुंची हैं।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन बल्ले से अब तक कमाल का रहा है। फरहान 4 मैचों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 220 रन बना चुके हैं। नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फरहान ने शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, पाकिस्तान के लिए समस्या यह रही है कि फरहान के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज टूर्नामेंट में अभी तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को सैम अयूब, बाबर आजम और कप्तान सलमान आगा से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पाकिस्तान को अगर न्यूजीलैंड के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से पार पाना है, तो टीम के बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा।