भारत के पूर्व क्रिकेटर और राष्ट्रीय चयनकर्ता जतिन परांजपे का मानना है कि रविवार को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच होने वाले आईपीएल 2026 के फाइनल का नतीजा इस बात पर टिका है कि आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की तेज गेंदबाजों की जोड़ी जीटी के ओपनरों शुभमन गिल और साई सुदर्शन को कितनी जल्दी आउट कर पाती है।
परांजपे ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "फाइनल में मुख्य मुकाबला भुवनेश्वर कुमार और हेजलवुड बनाम साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बीच होगा। गिल और सुदर्शन इस साल आईपीएल में सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी रहे हैं। अगर आरसीबी उन्हें जल्दी आउट कर पाती है, तो मैच पूरी तरह से रोमांचक हो सकता है।"
उन्होंने कहा, "आरसीबी के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को भी जीटी की तेज गेंदबाजी जोड़ी रबाडा और मोहम्मद सिराज की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। सिराज के कंधे में चोट लगने के बाद उनकी उपलब्धता पर सबकी नजर रहेगी। टी20 में रबाडा को विराट कोहली के खिलाफ सफलता मिली है। उन्होंने 17 पारियों में 5 बार कोहली को आउट किया है। वहीं, सिराज ने देवदत्त पडिक्कल को परेशान किया है और आठ पारियों में तीन बार उन्हें आउट किया है।"