भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला में शनिवार को होने वाले वनडे सीरीज के पहले मैच से पूर्व भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि सीरीज में विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी की कमी निश्चित रूप से खलेगी। उन्होंने कहा कि यह अन्य खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने कहा, "विराट कोहली मध्यक्रम की रीढ़ हैं और अपने अनुभव से टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। ऐसे खिलाड़ी की अनुपस्थिति टीम को खलती है, लेकिन भारतीय टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अन्य बल्लेबाजों के पास अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा मौका रहेगा।"
जसप्रीत बुमराह को लेकर पूछे गए सवाल पर मोर्कल ने कहा कि आगामी विश्व कप और दक्षिण अफ्रीका दौरे को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन अधिक से अधिक विकल्प तैयार रखना चाहता है। इसी सोच के तहत युवा खिलाड़ियों गुरनूर और प्रिंस को भी टीम में शामिल किया गया है। उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी मिले अवसर का पूरा फायदा उठाएंगे और प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे।