RCB Practice Session: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के फिनिशर जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने अपनी ऑन-फील्ड केमिस्ट्री के बारे में बात की है। जितेश ने बताया कि कैसे उनकी और शेफर्ड की अलग-अलग बल्लेबाजी शैली उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गेंदबाजों के लिए एक मुश्किल जोड़ी बनाती है। आरसीबी की अगली भिड़ंत रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स से एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में होनी है।
जितेश ने कहा कि उनकी और शेफर्ड की ताकतें अलग-अलग हैं, जिसके कारण विपक्षी टीम को फील्डिंग सेट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आरसीबी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में जितेश ने कहा, "मुझे लगता है कि जब हम साथ खेलते हैं, तो गेंदबाज कन्फ्यूज हो जाते हैं। मैं सभी एंगल्स का इस्तेमाल कर सकता हूं, तो वह गेंद को पूरी ताकत से मार सकते हैं। इस कारण गेंदबाज को फील्डिंग सेट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।"
वहीं, शेफर्ड ने जितेश के साथ बैटिंग करने से मिलने वाले आत्मविश्वास पर जोर दिया। उन्होंने पिच के बीच में एक सकारात्मक माहौल बनाने का श्रेय जितेश को दिया। उन्होंने कहा, "जब भी मैं उनके साथ बल्लेबाजी करता हूं, तो मुझे आत्मविश्वास महसूस होता है क्योंकि वह हमेशा मुझे यह महसूस कराते हैं कि मैं सबसे अच्छा बल्लेबाज हूं। इसके साथ ही वह मुझे यह महसूस कराते हैं कि मैं हर गेंद पर छक्का मार सकता हूं। जितेश मुझे पिच पर खुलकर शॉट्स खेलने का आत्मविश्वास देते हैं।"