UPW WPL: दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 20वें मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ कैपिटल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में जगह बना ली है, जहां 3 फरवरी को उसका सामना गुजरात जायंट्स से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 5 फरवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से खिताब के लिए भिड़ेगी।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूपी वॉरियर्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर महज 122 रन बनाए। इस टीम ने पहली ही गेंद पर कप्तान मैग लेनिंग (0) का विकेट गंवा दिया था। यहां से दीप्ति शर्मा ने चार्ली नॉट के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही टीम बिखर गई।
चार्ली 12 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि दीप्ति ने 19 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 24 रन बनाए। इनके अलावा, सिमरन शेख ने 22 रन और शिखा पांडे ने नाबाद 23 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।