Subramaniam Badrinath All Time Top Five ODI Cricketers: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेल चुके पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने वनडे क्रिकेट के अपने सर्वकालिक टॉप-5 खिलाड़ियों का चुनाव किया। उन्होंने अपनी पसंद की इस लिस्ट में क्रिकेट जगत के कई बड़े नामों को शामिल किया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इसमें भारतीय दिग्गज विराट कोहली को जगह नहीं मिली।
बद्रीनाथ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में इन पांच खिलाड़ियों के नाम बताए। उन्होंने अपनी लिस्ट में पहले नंबर पर भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को रखा है। वहीं, दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को चुना। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ही बल्लेबाज माइकल बेवन को जगह मिली, जिन्हें वनडे क्रिकेट के सबसे बेहतरीन फिनिशर्स में गिना जाता है। श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।
बद्रीनाथ की इस पसंद में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों के दिग्गज शामिल हैं। सचिन और पोंटिंग ने जहां लंबे समय तक वनडे क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया, वहीं बेवन अपनी मैच फिनिश करने की काबिलियत के लिए मशहूर रहे। संगकारा ने भी वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि वसीम अकरम अपनी स्विंग और तेज गेंदबाजी से दुनिया भर के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बने रहे।