AUS vs BAN 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच शनिवार (22 अगस्त) से मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन मैदान पर एक विवादित वाक्य देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) उस समय अपना आपा खो बैठे, जब बांग्लादेश के पुछल्ले बल्लेबाज तस्कीन अहमद (Taskin Ahmed) से टक्कर के कारण उनके हाथ आया आसान कैच का मौका निकल गया।
यह घटना बांग्लादेश की पहली पारी के 28वें ओवर में देखने को मिली। हेजलवुड ने तस्कीन को शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर बांग्लादेशी बल्लेबाज पुल शॉट खेलना चाहते थे। लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर काफी ऊंची हवा में चली गई। गेंद को हवा में जाते देख हेजलवुड तुरंत आगे की तरफ दौड़े। कैच बिल्कुल आसान नजर आ रहा था और ऐसा लग रहा था कि वह गेंद को आराम से पकड़ लेंगे। लेकिन इसी दौरान तस्कीन रन लेने के लिए पिच पर आगे बढ़ गए और उनकी हेजलवुड से हल्की टक्कर हो गई।
टक्कर के कारण हेजलवुड गेंद तक नहीं पहुंच सके और कैच का आसान मौका हाथ से निकल गया। इसके बाद हेजलवुड काफी नाराज दिखाई दिए, जबकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन से भी इस घटना को लेकर बात की।