Rashid Khan Five-Wicket Haul: द हंड्रेड मेन्स 2026 में राशिद खान ने अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। एमआई लंदन की जीत के हीरो रहे अफगान के इस स्पिनर ने पांच विकेट लेकर टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
द हंड्रेड मेन्स 2026 में रविवार (2 अगस्त) को द ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने एमआई लंदन की ओर से मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट चटकाए और अपनी टीम को 45 रन से शानदार जीत दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने 100 गेंदों में 6 विकेट पर 183 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। राशिद ने गेंदबाजी के दौरान सबसे पहले टिम सिफर्ट को 17 रन पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने खतरनाक जोस बटलर को सिर्फ 2 रन पर चलता किया। यहीं नहीं, उन्होंने हेनरिक क्लासेन (13), टॉम मूर्स और लियाम डॉसन (2) को भी अपना शिकार बनाकर पांच विकेट पूरे किए। राशिद की इस घातक स्पेल के सामने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पूरी बल्लेबाजी बिखर गई और टीम 45 रन से मुकाबला हार गई।