ZIM vs IND 2nd T20I: जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखाया। हालांकि, उनकी इस सफलता में रिंकू सिंह (Rinku Singh) की शानदार फील्डिंग का भी बड़ा योगदान रहा।
जिम्बाब्वे और भारत के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (25 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम के बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा (60*) ने बल्ले से नाबाद अर्धशतकीय पारी खलने के बाद गेंदबाजी में भी टीम के लिए एक अहम विकेट झटका।
जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंद तिलक वर्मा को थमाई। ओवर की दूसरी ही गेंद पर तिलक ने रयान बर्ल को अपनी फिरकी में फंसा लिया। तिलक ने फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर बर्ल आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरह से नहीं आई और हवा में लॉन्ग ऑन की तरफ चली गई। वहां खड़े रिंकू सिंह ने गेंद पर शानदार नजर बनाए रखी। वह तेजी से आगे की ओर दौड़े और सही समय पर डाइव लगाते हुए बेहतरीन लो कैच लपक लिया।