Sri Lanka vs Ireland: श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) ने रविवार (8 फरवरी) को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में शानदार गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। हसरंगा ने अपने कोटे के चार ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इसके साथ ही हसरंगा टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेन वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अब इस टूर्नामेंट में 20 पारियों मे 40 विकेट हो गए हैं। इस लिस्ट में उन्होंने लसिथ मलिंगा, शाहीद अफरीदी और राशिद खान को पीछे छोड़ा है। 50 विकेट के साथ शाकिब अल हसन इस लिस्ट में पहले नंबर पर है।
यह सातवीं बार है जब इस टूर्नामेंट में हसरंगा ने 3 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। वह टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा बार पारी में तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने के मामले में शाकिब अल हसन के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गए हैं।