आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में श्रीलंका क्रिकेट टीम अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को ओमान के खिलाफ पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले श्रीलंकन टीम (Sri Lanka Cricket Team) से जुड़ी एक बेहद ही बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार श्रीलंका के दिग्गज ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) चोटिल होने के कारण अब बचे हुए पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।
हैमस्ट्रिंग इंजरी का बने शिकार: 28 साल के वानिन्दु हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के पहले मैच के जीत के सबसे बड़े हीरो में से एक थे। इस मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे। हालांकि इसी बीच वो पूरे मैच के दौरान काफी दर्द में दिखे और उन्होंने तकलीफ में ही गेंदबाज़ी की। बता दें कि उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है जिसके कारण ही अब वो पूरे टू्र्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।
गौरतलब है कि वानिन्दु हसरंगा का टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना श्रीलंका के लिए 440 वोल्ट के झटके से कम नहीं होगा, क्योंकि वो ही श्रीलंका के लिए सर्वाधिक टी20 विकेट लेने वाले बॉलर हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 95 मैचों में 154 टी20 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा वो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (43 मैचों में 50 विकेट) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। उनके नाम इस टूर्नामेंट में सिर्फ 20 मैचों में 40 विकेट दर्ज हैं।