Ishan Kishan Video: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन (Ishan Kishan) आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के समाप्त होने के बाद अब वापस अपने शहर पटना लौट गए हैं। गौरतलब है कि ईशान किशन को अपने होम टाउन में फैंस का जोरदार प्यार मिल रहा है। आलम ये है कि ईशान के चाहने वाले उनकी एक झलक पाने के लिए उनके घर के बाहर मेला लगाकर खड़े हो गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, सोशल मीडिया पर ईशान किशन का एक 1 मिनट 45 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें बड़ी संख्या में भीड़ उनके घर के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए खड़ी नज़र आई है। यहां 27 साल के ईशान भी अपने फैंस का दिल नहीं तोड़ते और अपने घर की बालकनी में खड़े होकर फैंस का अभिवादन करते हैं।
ईशान अपने फैंस को देखकर बेहद खुश होते हैं और उनके सामने अपने हाथ जोड़ लेते हैं। इसके बाद वो अपने फैंस को फ्लाइंग किस भी देते हैं। आप ईशान किशन का ये वीडियो नीचे देख सकते हो। बताते चलें कि इस विकेटकीपर बैटर ने टीम इंडिया को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टाइटल जितवाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के सामने ताबतोड़ अंदाज़ में 25 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्के ठोककर 54 रन बनाए।