Harry Brook Smahsed 30 Runs Against Dunith Wellalage: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (ENG vs SL 1st T20) बीते मंगलवार, 15 सितंबर को साउथैम्पटन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में खेला गया था जहां इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने महज़ 49 गेंदों पर 10 चौके 6 छक्के लगाकर नाबाद 114 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने विपक्षी गेंदबाज़ डुनिथ वेलालागे (Dunith Wellalage) को आढ़े हाथ लिया और उन्हें एक ओवर में पूरे 30 रन ठोक दिए।
ये घटना इंग्लैंड के पावरप्ले के पांचवें ओवर में घटी। हैरी ब्रूक, इंग्लिश टीम के सलामी बल्लेबाज़ एन्यूरिन डोनाल्ड के आउट होने के बाद मैदान पर आए थे और पावरप्ले में ज्यादा से रन बनाना चाहते थे। यही वज़ह है उन्होंने लंकाई स्पिनर डुनिथ वेलालागे को टारगेट करने का फैसला किया।
वेलालागे अपना दूसरा ओवर डाल रहे थे जिसकी पहली ही गेंद से हैरी ब्रूक ने बड़े शॉट खेले। उन्होंने सबसे पहले मिड-ऑन के ऊपर से छक्का लगाया और फिर सामने की तरफ लगातार दो चौके लगाए। खास बात है कि हैरी ब्रूक यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने चौथी गेंद पर स्वीप करके छक्का, पांचवी गेंद पर सामने की तरफ छक्का और फिर छठी गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर से चौका मारा।