Mohammad Saleem Vs Yashasvi Jaiswal Video: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला (IND vs AFG 2nd ODI) बुधवार, 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मेजबान टीम के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) सिर्फ 9 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हुए। गौरतलब है कि यशस्वी को एक बार फिर अफगानी तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सलीम (Mohammad Saleem) ने अपना शिकार बनाया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना भारतीय टीम की इनिंग के दूसरे ही ओवर की आखिरी गेंद पर घटी। यहां मोहम्मद सलीम ने 136.2 kph की रफ्तार से शॉर्ट बॉल फेंका था जिस पर यशस्वी ने चौका जड़ने के इरादे से कट शॉट मारा। ध्यान दें कि यहां पर ही यशस्वी से गलती हुई क्योंकि वो खुद से दूर जाती गेंद को अपने बैट से मिडिल नहीं कर पाए।
इसके बाद होना क्या था, वो बॉल सीधा बैकवर्ड पॉइंट पर तैनात खिलाड़ी नांगेयालिया खरोटी की तरफ गई जहां उन्होंने कैच लपक लिया। तो इस तरह यशस्वी जायसवाल लखनऊ वनडे में आउट हुए और मोहम्मद सलीम को अपने ODI करियर का पहला विकेट मिला। याद दिला दें कि यशस्वी जायसवाल ही मोहम्मद सलीम के टेस्ट करियर के भी पहले विकेट हैं। उन्होंने धर्मशाला टेस्ट के दौरान यशस्वी को आउट किया था। इस मुकाबले में उन्होंने भारतीय टीम के 6 विकेट झटके थे।