Shivam Dube Video: भारतीय टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) ने बीते रविवार, 08 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के फाइनल में न्यूजीलैंड (IND vs NZ Final) के खिलाफ महज़ 8 गेंदों पर 325 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 26 रन बनाए। गौरतलब है कि इस मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर टूर्नामेंट जीता जिसके बाद शिवम दुबे एक बेहद ही खास 'बाहुबली सेलिब्रेशन' करते दिखे।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, खुद Star Sports Kannada ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से शिवम दुबे का एक 13 सेकेंड का वीडियो साझा किया है जिसमें वो अपना बाहुबली सेलिब्रेशन करते नज़र आए। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवम दुबे भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद स्टैंड में बैठे फैंस की तरफ हाथ हिलाते हुए ग्राउंड का चक्कर लगाते हैं और इसी बीच उन्हें अपनी मसल दिखाते हैं।
जान लें कि 32 साल के शिवम दुबे बड़े-बड़े छक्के आसानी से मारने के लिए जाने जाते हैं जिस वज़ह से उन्हें भारतीय टी20 टीम में मुख्य फिनिशर के तौर पर चुना जाता है। शिवम दुबे ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी अपना रोल बखूबी निभाया और टूर्नामेंट में 9 मैचों की 8 इनिंग में 39.16 की और और 169.06 की स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 17 बवाल छक्के मारे। शिवम दुबे ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है।