भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा (Tilak Varma) रोकने का नाम नहीं ले रहे हैं। 21 जून को तिलक की कैप्टेंसी में इंडिया-ए ने श्रीलंका में वनडे ट्राई सीरीज जीती और इसके तुरंत बाद तिलक ने बीते सोमवार, 22 जून को तेलंगाना टी20 लीग (Telangana T20 League) के एक मुकाबले में तूफानी सेंचुरी ठोककर अपनी टीम मेदक फालकन्स (Medak Falcones) को शानदार जीत दिलाई है।
दरअसल, इस मुकाबले में वारंगल वॉरियर्स ने अमन राव की 142 रनों (12 चौके और 13 छक्के) की धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर मेदक फालकन्स के सामने 259 रनों का लक्ष्य रखा था जिसका पीछा करते हुए ही तिलक वर्मा ने अपनी पूरी जान झोंक दी और 242.86 की स्ट्राइक रेट से 56 गेंदों पर 136 रनों की पारी खेली।
खास बात ये है कि इस मुकाबले में तिलक ने अपनी इनिंग में 14 चौके और 8 छक्के लगाए। यानी उन्होंने 22 गेंदों पर महज़ बाउंड्री से 104 रन जोड़े। ध्यान देने वाली बात ये है कि वो आखिरी गेंद तक मैदान पर टिके रहे और अपनी टीम को जीत का अंतिम रन दिलाकर ही वापस पवेलियन लौटे। आप नीचे इस घटना का पूरा वीडियो देख सकते हो।