Vaibhav Sooryavashi Vs Mohammed Siraj Video: दलीप ट्रॉफी 2026 (Duleep Trophy) का फाइनल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मुकाबले के पहले दिन वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavashi) ने East Zone को तूफानी शुरुआत दिलाई और South Zone के खिलाफ अपनी पहली पारी में 37 गेंदों पर 44 रन ठोके। गौरलतलब है कि इसी बीच वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को दबंगई दिखाई और उनके एक ओवर में चौके-छक्के की बरसात करके 14 रन बनाए।
ये घटना ईस्ट जोन की पारी के सातवें ओवर में देखने को मिली। मोहम्मद सिराज अपना चौथा ओवर डालने आए थे जिसकी दूसरी ही गेंद पर 15 साल के वैभव ने अपनी काबिलियत दिखाई और गेंद को महज़ टाइम करके पॉइंट के बीच से शानदार चौका लगा दिया। इसके बाद तो मानों शेर के मुंह खून लग गया था।
वैभव ने सिराज की अगली गेंद पर उनका कोई लिहाज नहीं किया और सामने की तरफ लंबा छक्का लगा दिया। इसके बाद सिराज राउंड द विकेट से गेंदबाज़ी करने आए और उन्होंने वैभव को दो गेंदों पर कोई रन नहीं दिए। लेकिन फिर एक बार फिर वैभव का बल्ला गरजा और उन्होंने आखिरी गेंद पर भी मिड-ऑफ के ऊपर से चौका ठोक दिया। इस तरह वैभव ने सिराज के ओवर से पूरे 14 रन बटोरे। BCCI Domestic ने खुद इस घटना का पूरा वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।