WI vs PAK 1st Test, Day-3 Report: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां बीते सोमवार, 27 जुलाई को मुकाबले के तीसरे दिन कुल 17 गिरे और पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज पर दबदबा बनाया। दिन के खेल के अंत तक पहले पाकिस्तान की टीम 282 रनों पर ऑलआउट हुई और फिर उन्होंने वेस्टइंडीज टीम की दूसरी इनिंग में 126 रनों के स्कोर तक 7 विकेट गिराए।
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत पाकिस्तान के लिए शान मसूद और सलमान अली आगा की जोड़ी ने की थी जो कि अपनी टीम का स्कोर 199/3 से आगे बढ़ाने के लिए मैदान पर उतरे थे। यहां सलमान तो ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक पाए और 60 गेंदों पर 20 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौटे, लेकिन दूसरी तरफ शान मसूद ने अपना शतक पूरा किया और 184 गेंदों पर 12 चौके लगाकर 109 रनों की पारी खेली।
शान मसूद के शतक के दम पर ही पाकिस्तान ने खेल के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 83 रन जोड़े और कुल 282 रन बनाए। बात करें अगर कैरेबियाई गेंदबाज़ों की तो जस्टिन ग्रीव्स ने अपने प्रदर्शन से धमाल मचाया और 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा शमर जोसेफ और केमार रोच ने 2-2 विकेट लिए, वहीं जायडेन सील्स ने 1 विकेट अपने नाम किया।