Pathum Nissanka Wrist Injury: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले श्रीलंका की टीम को बड़ा झटका लग सकता है। स्टार ओपनर पथुम निसांका कलाई की चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह सर्जरी के लिए लंदन पहुंच चुके हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के स्टार ओपनर पथुम निसांका चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। समाचार एजेंसी न्यूजवायर की रिपोर्ट के मुताबिक निसांका अपनी कलाई की चोट का इलाज कराने के लिए लंदन पहुंच चुके हैं, जहां उनकी सर्जरी भी हुई है। बताया जा रहा है कि वह इस कलाई की समस्या से पिछले कुछ समय से काफी परेशान थे। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक पथुम निसांका ने अपनी रिकवरी पर पूरा ध्यान देने के लिए 2026 लंका प्रीमियर लीग (LPL) से भी नाम वापस ले लिया है।
दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 3 जुलाई से एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे अहम मुकाबले से पहले निसांका की संभावित गैरमौजूदगी श्रीलंका के लिए बड़ा झटका हो सकती है, क्योंकि वह पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं।