टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ तिलक वर्मा ने नंबर 6 पर बल्लेबाजी की और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 44 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी के बाद अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या वो वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में भी नंबर 6 पर ही बल्लेबाजी करेंगे या टीम मैनेजमेंट उन्हें थोड़ा ऊपरी क्रम में प्रमोट करेगा।
अब इस सवाल का जवाब इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने दिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले सुपर 8 मैच से पहले तिलक वर्मा की बैटिंग पोजीशन पर अपडेट दिया है। डोशेट ने कहा कि इस युवा खिलाड़ी के आने वाले मैच में उसी पोजीशन पर बैटिंग करने की गारंटी नहीं है, क्योंकि टीम के पास अब बैटिंग ऑर्डर में कई फ्लेक्सिबल ऑप्शन हैं।
टेन डोशेट ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "ये कोई तय बात नहीं है कि वो कल नंबर 5 या 6 पर बैटिंग करेंगे। अब हमारे पास ऑप्शन हैं। हमने देखा है कि संजू सैमसन के टॉप पर आने से ये काम करता है। विरोधी टीम के कॉम्बिनेशन के हिसाब से, हम उसी हिसाब से एडजस्ट कर सकते हैं। मुझे लगा कि तिलक 10 ओवर के आसपास आते हुए बहुत कम्फर्टेबल लग रहे थे। इसका बहुत बड़ा क्रेडिट उन्हें और जिस तरह से उन्होंने अपने गेम को अडैप्ट किया है, उसे जाता है।"