Women's Asia Cup 2026, IND-W vs PAK-W: महिला एशिया कप 2026 के इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा अंदाज में शानदार जीत दर्ज की। पहले भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और पूरी टीम 55 स्कोर पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने आसानी से 68 गेंदे शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में श्री चरणी (Shree Charani) और प्रेमा रावत (Prema Rawat) की गेंदबाजी सबसे बड़ी हाईलाइट रही।
महिला एशिया कप 2026 का 9वां मुकाबला शनिवार (5 सितंबर) को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसकी पूरी रणनीति जल्द ही बिखर गई। पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में महज 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली और शावाल जुल्फिकार ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। मुनीबा 13 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शावाल जुल्फिकार ने 14 रन बनाए। इन दोनों के पवेलियन लौटते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। पाकिस्तान ने सिर्फ 35 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान फातिमा सना और गुल फिरोजा अपना खाता तक नहीं खोल सकीं, जबकि आयशा जफर 2 और सदफ शमास सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।