भारत के खिलाफ 'विमेंस एशिया कप 2026' का मैच गंवाने के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना को एक और झटका लगा है। कप्तान को 'आईसीसी आचार संहिता' के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जिसके चलते उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
यह घटना भारत की बल्लेबाजी के दौरान दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर तब घटित हुई, जब फातिमा ने ओपनर शेफाली वर्मा को 'कॉट-एंड-बोल्ड' आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में 55 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में भारत ने मैच 8.4 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते अपने नाम किया।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि फातिमा सना को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम 'ऐसी भाषा, हरकत या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है जो अपमानजनक हों, या जिनसे किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती हो।'